राजपत्रित अधिकारी डीएसपी का तबादला, थाना प्रभारी सस्पेंड

4.5 करोड़ की अफीम बरामदगी मामला: आरोपी एएसआई के साथ कई पुलिसकर्मी जांच के घेरे में

Published On

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Sirsa News: जिले में ट्रक की चेसी से बरामद करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की अफीम के मामले में सामने आए गोलमाल ने पुलिस विभाग में हलचल मचा दी है। मामले में आरोपी बनाए गए एएसआई रणबीर सिंह के साथ-साथ जांच से जुड़े अन्य पुलिस अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। कार्रवाई करते हुए मामले के राजपत्रित अधिकारी डीएसपी राज सिंह का नूंह तबादला कर दिया गया है, जबकि तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। वहीं एंटी नारकोटिक्स ब्यूरो की जांच में कुछ अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

पुलिस के अनुसार एएसआई रणबीर सिंह इस मामले में सेकेंड आईओ के रूप में तैनात था। आरोप है कि ट्रक की चेसी से बरामद करीब 90 किलो अफीम में से कुछ पैकेटों के साथ छेड़छाड़ की गई और उसमें से नशीला पदार्थ खुर्द-बुर्द कर दिया गया। जांच के दौरान कुल बरामदगी 88 किलो 970 ग्राम पाई गई, जबकि रिकॉर्ड के अनुसार लगभग एक किलो 30 ग्राम अफीम कम मिली। इसकी बाजार कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब अदालत में पेशी के दौरान अफीम का वजन कम पाया गया। इसके बाद आरोपी एएसआई को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की गई है। अब एंटी नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम दोबारा वजन कर बरामदगी का सत्यापन करेगी और रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत करेगी। 

उधर मामले में निलंबित किए गए इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार पहले डिंग थाना प्रभारी, फिर सदर थाना प्रभारी और बाद में वेलफेयर इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत रहे हैं। देर शाम उनके निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए। वहीं गिरफ्तार ट्रक चालक किशना राम का 10 दिन का पुलिस रिमांड जारी है। पुलिस उससे नशे की खेप की सप्लाई चेन और अन्य तस्करों के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आया है कि यह अफीम पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से राजस्थान के जोधपुर लाई जा रही थी।

राजस्थान पुलिस को एक माह पहले इसकी सूचना मिली थी, जिसके बाद लगातार निगरानी कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। राजस्थान पुलिस की सूचना पर सरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक की निशानदेही पर जम्मू-कश्मीर निवासी ट्रक मालिक गगनदीप सिंह और राजस्थान के पाली जिले के डूंगरपुर निवासी मुख्य सप्लायर सुखराम को भी गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

SHO-suspended

About The Author

Related Posts