एजेंसी दिलाने के नाम पर 8 लाख 72 हजार की धोखाधड़ी के मामले में चार गिरफ्तार
ऑनलाइन सोलर एजेंसी दिलाने का दावा कर लाखों की ठगी, चार गिरफ्तार
भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी के साइबर क्राइम थाना पुलिस ने टाटा सोलर एजेंसी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि भिवानी निवासी सुनील साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह विभिन्न कंपनियों की सोलर एजेंसी संचालित करता है तथा नई सोलर एजेंसी लेने के लिए उसने ऑनलाइन आवेदन किया था।
इसी दौरान आरोपियों ने फर्जी वेबसाइट के माध्यम से स्वयं को टाटा सोलर एजेंसी उपलब्ध करवाने वाला बताकर अलग-अलग समय पर विभिन्न ऑनलाइन ट्रांजैक्शनों के माध्यम से उससे कुल 8 लाख 72 हजार 200 की राशि प्राप्त कर ली। इसके बाद न तो उसे सोलर एजेंसी उपलब्ध करवाई गई और न ही उसकी राशि वापस की गई शिकायत के आधार पर साईबर क्राइम थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस मामले में सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिल्ली से चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रकाश कुमार, गुड्डू कुमार, अजीत कुमार व कुंदन सिंह के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
न्यायालय ने आरोपी प्रकाश कुमार एवं गुड्डू कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जिला कारागार भेजने के आदेश दिए हैं। वहीं आरोपी अजीत कुमार एवं कुंदन सिंह को आगे की पूछताछ के लिए 05 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी प्रकाश कुमार ने धोखाधड़ी में प्रयुक्त सिम उपलब्ध करवाई थी। इसके बाद आरोपी गुड्डू कुमार द्वारा उक्त सिम अन्य आरोपियों को आॅनलाइन धोखाधड़ी करने के लिए उपलब्ध करवाई गई थी।