शिक्षा और रोजगार
पंजाब यूनिवर्सिटी में करंट लगने से पीएचडी छात्रा की मौत, जांच शुरु
सड़क किनारे बने कच्चे रास्ते से गुजर रही थी छात्रा, हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की रहने वाली
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh News: पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे में माइक्रोबायोलॉजी विभाग की पीएचडी छात्रा ज्योति की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा गर्ल्स हॉस्टल नंबर-10 के पास उस समय हुआ, जब वह गर्ल्स हॉस्टल नंबर-8 और यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट आॅफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) के बीच सड़क किनारे बने कच्चे रास्ते से गुजर रही थीं।
हादसे के तुरंत बाद उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), सेक्टर-16 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ज्योति हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की रहने वाली थीं और पंजाब यूनिवर्सिटी के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में पीएचडी की छात्रा थीं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा की मौत करंट लगने से हुई है। हालांकि, करंट लगने का स्टीक कारण और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
वहीं, इस घटना से गुस्साए स्टूडेंट्स ने पीयू के वाइस चांसलर (वीसी) प्रो. रेणु विज के आॅफिस का घेराव कर दिया है। स्टूडेंट्स गेट तोड़कर अंदर घुस गए। माहौल तनावपूर्ण देखते हुए यहां चंडीगढ़ पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं। इसके बाद हॉस्टल के बाहर छात्राएं धरने पर बैठ गई और नारेबाजी की। इसका पता चलने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने यूनिवर्सिटी कैंपस में धरना लगा दिया।
वहीं, स्टूडेंट के विरोध को देखते हुए वीसी रेणु विज स्टूडेंट्स से मिलने आई। करीब 10 मिनट की बातचीत में उन्होंने स्टूडेंट को समझाया कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। वीसी ने आश्वासन दिया कि एक कमेटी गठित की जाएगी। सारे मामले की जांच करेगी। हालांकि, स्टूडेंट अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। उनकी दलील है कि हर बार ऐसा ही होता है, लेकिन कोई उचित कार्रवाई नहीं होती। ऐसे में जब तक एक्शन नहीं होगा, वे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि अब वह झुकने वाले नहीं है। अगर स्टूडेंट के संघर्ष से भारत सरकार के मंत्री को इस्तीफा देना पड़ सकता है तो पीयू प्रशासन को भी उनकी मांगें सुननी होंगी।
