शिक्षा और रोजगार
महल कलां में पुलिस और कथित गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार युवकों से हथियार, कारतूस, खाली खोखे और एक कार बरामद: एसएसपी
महल कलां/बरनाला (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Barnala News: मंगलवार को महल कलां क्षेत्र में पुलिस और कथित गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हथियार, कारतूस, खाली कारतूस के खोखे तथा एक कार सहित गिरफ्तार करने का दावा किया है। मामले की जानकारी देते हुए जिला पुलिस प्रमुख मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े पाँच बजे पुराना टोल प्लाजा, महल कलां में पुलिस, काउंटर इंटेलिजेंस और सीआईए स्टाफ की संयुक्त टीम द्वारा विशेष नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान महल कलां की ओर से रायकोट की तरफ जा रही सफेद रंग की एक कार दिखाई दी।
पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार रोकने के बजाय पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी और बैरिकेड तोड़कर भागने का प्रयास किया। इसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। कुछ दूरी पर जाकर आरोपी कार छोड़कर पास के खेतों की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्शदीप सिंह उर्फ अर्शी निवासी बख्तगढ़, वर्तमान निवासी महल कलां तथा गुरशरण सिंह उर्फ सरना निवासी रौंता (जिला मोगा) के रूप में हुई है। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक बिना मार्का .32
बोर देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक सफेद रंग की कार तथा मौके से पाँच खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को जल्द ही अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे या उनके संबंध किसी अन्य गैंगस्टर गिरोह से जुड़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जाँच में जुटी हुई है।