फरीदाबाद में दुकान का छज्जा गिरने से दो युवकों की मौत
बंद दुकान के बाहर खड़े थे दोनों युवक, मलबे में दबे
फरीदाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Faridabad News: बल्लभगढ़ के शहर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बंद दुकान का छज्जा अचानक गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसा चावला कॉलोनी हाईवे स्थित सोहना टी-पॉइंट के पास हुआ। छज्जे के नीचे खड़े दोनों युवक मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, अहिरवाड़ा निवासी राहुल की पेप्सी, चाय और अन्य सामान की दुकान पिछले तीन दिनों से बंद थी।
बुधवार सुबह अमरजीत और संतोष दुकान के बाहर छज्जे के नीचे खड़े थे। इसी दौरान जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया और दोनों उसके मलबे में दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दोनों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान बिहार निवासी अमरजीत और संतोष के रूप में हुई है। दोनों बल्लभगढ़ के जीवन नगर में किराये पर रहकर काम करते थे। शहर थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश और पुराने, जर्जर छज्जे को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
