सजूमा में बदलेगी पुरानी पाइपलाइन, जल्द शुरू होगा प्लांट

 हेपेटाइटिस-ए और टाइफाइड के मामलों के बीच प्रशासन अलर्ट

Published On

कैथल/कलायत (सच कहूँ/अशोक राणा)। Kalayat News: उपायुक्त अपराजिता ने बुधवार को गांव सजूमा का दौरा कर पेयजल एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र और नहरी पेयजल परियोजना स्थल का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही हाल ही में हुई 12 वर्षीय बालिका की मृत्यु पर उसके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

उपायुक्त ने कहा कि गांव में स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति प्रशासन की प्राथमिकता है। जहां भी पेयजल पाइपलाइन में रिसाव या अन्य तकनीकी खामियां हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नहरी पेयजल की संकरी पाइपलाइन को बदलने तथा गांव के भीतर खराब पाइपलाइन के सुधार का शीघ्र एस्टीमेट तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाए। ग्रामीणों की मांग पर भाखड़ा से पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवहार्यता का भी अध्ययन कराया जाएगा।

मृत बच्ची के परिजनों को दी सांत्वना

उपायुक्त अपराजिता गांव के सैनी मोहल्ला स्थित विजय पुत्र महेंद्र के घर भी पहुंचीं, जहां हाल ही में उनकी 12 वर्षीय पुत्री रितिका का निधन हुआ था। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती छह वर्षीय केशव के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। इस दौरान सरपंच अनिल कुमार सहित ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

आरओ प्लांट जल्द होगा चालू

डीसी अपराजिता जन स्वास्थ्य विभाग के पेयजल बूस्टर पर पहुंची, जहां अधिकारीगण व ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने डीसी को नहरी पानी की संकरी पाइपलाइन, गांव की खराब पाइपलाइनों, भाखड़ा से पेयजल आपूर्ति, बंद पड़े वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसी समस्याएं बताईं। डीसी ने गांव के बंद पड़े वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को भी जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। गांव में जनस्वास्थ्य एवं बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा कार्य में लापरवाही की शिकायत पर डीसी ने एसडीएम संजय कुमार को निर्देश दिए कि वे शिकायत अनुसार जांच करें। यदि किसी की कार्य में लापरवाही मिलती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें।

33 को हेपेटाइटिस-ए की पुष्टि

दौरे के दौरान उपायुक्त ने सबसे पहले स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकों से फीडबैक लिया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 109 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें 33 लोगों में हेपेटाइटिस-ए तथा 12 में टाइफाइड की पुष्टि हुई है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीमें 24 घंटे तैनात हैं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस सेवा भी चौबीसों घंटे उपलब्ध रखी गई है।

Kalayat News

About The Author

Related Posts