सुंदर नहर में पूरा पानी चलाने की मांग को लेकर जमालपुर में किसानों  का धरना जारी 

किसानों के समर्थन में उतरी कांग्रेस, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल धरना स्थल पर पहुंचे

Published On

बवानीखेड़ा (सच कहूँ/कौशल देवी)। Bawani Khera News: गांव जमालपुर में सुंदर ब्रांच नहर में पानी की मांग को लेकर किसानों का धरना लगातार तेज होता जा रहा है। सुंदर नहर पर चल रहे इस संघर्ष के बीच रविवार को आंदोलन को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल धरना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष रेणू बाला भी मौजूद रही। बता दे कि सुंदर नहर में कम से कम 15 दिनों तक पूरा पानी चलाने की मांग को लेकर जमालपुर में किसानों और ग्रामीणों का धरना पिछले दो सप्ताह से लगातार जारी है।

आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया है कि आगामी रणनीति के तहत 9 गांवों में संघर्ष समितियां गठित की जा चुकी हैं और ग्रामीण अब सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। धरना स्थल पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए  प्रदीप नरवाल ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज हमारे अन्नदाता को अपनी ही फसलों को सींचने और पीने के साफ पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए हफ्तों तक सड़कों पर बैठना पड़ रहा है। भाजपा सरकार किसानों के हक और उनकी जायज मांगों को दबाने का काम कर रही है। सुंदर नहर में 15 दिन पूरा पानी छोड़ना किसानों का हक है, कोई भीख नहीं।

नरवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ किसानों के इस आंदोलन के साथ खड़ी है। इस मौके पर  रेणू बाला ने कहा कि इलाके में भूमिगत जल अब पीने योग्य नहीं बचा है। सुंदर नहर में पानी न आने के कारण ग्रामीणों को टैंकरों से महंगा पानी खरीदने पर मजबूर होना पड़ रहा है।  इस अवसर पर धरना कमेटी सदस्य जगदीश, पूर्व सरपंच रामअवतार, अनूप शर्मा, प्रहलाद यादव, रामअवतार भाकर, अनूप शर्मा, चंद्रो, बिमला, सावित्री, निम्बो, ओमपति, रामप्यारी, बाला, रामरती, बवानीखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष अनिल नेहरा, शिवकुमार चांग, सुमित बराड़ सहित अनेक उपस्थित रहे।

Bawani Khera News
Bawani Khera News: गांव जमालपुर में जारी धरने को संबोधित करते अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल।

About The Author

Related Posts