शिक्षा और रोजगार
कंपनियों के तिमाही परिणामों से तय होगी बाजार की दिशा
कंपनियों के तिमाही परिणामों से तय होगी बाजार की दिशा
मुंबई । घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह प्रमुख सूचकांकों में रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर कंपनियों के तिमाही परिणामों पर रहेगी। अगले सप्ताह कई दिग्गज कंपनियों के तिमाही नतीजे आने हैं। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भेल, टेक महिंद्रा, विप्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के पहली तिमाही के परिणाम 13 जुलाई से 18 जुलाई के बीच जारी किये जायेंगे। इन कंपनियों के परिणामों का सीधा असर उनके शेयरों और पूरे बाजार पर दिखेगा।
वैश्विक स्तर पर पश्चिम एशिया संकट की स्थिति पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। साथ ही कच्चे तेल में जारी उतार-चढ़ाव का असर भी बाजार पर दिखेगा। गत सप्ताह प्रमुख सूचकांक मंगलवार और बुधवार को लाल निशान में रहे, विशेषकर बुधवार को दो प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट रही। बीएसई का सेंसेक्स सप्ताह के दौरान 194.52 अंक (0.25 प्रतिशत) गिरकर शुक्रवार को 77,569.39 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 63.95 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट में 24,206.90 अंक पर रहा। प्रमुख सूचकांकों के विपरीत वृहत बाजार में तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.55 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.26 प्रतिशत मजबूत हुआ।
बीते सप्ताह सेंसेक्स की 30 कंपनियों में 19 में साप्ताहिक गिरावट देखी गयी। ट्रेंट का शेयर 13.11 प्रतिशत लुढ़क गया। कोटक महिंद्रा बैंक का 4.76 प्रतिशत, मारुति सुजुकी का 3.52, एनटीपीसी का 3.31, आईटीसी का 2.78, अडानी पोर्ट्स का 2.47, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.34, एशियन पेंट्स का 2.24 और इंडिगो का 2.11 प्रतिशत फिसल गया।
एलएंडटी में 1.99 प्रतिशत, पावरग्रिड में 1.65, एक्सिस बैंक में 1.40, बजाज फाइनेंस में 1.21 और टीसीएस में 1.13 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट रही। बीईएल का शेयर 0.74 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक का 0.63 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक का 0.63, भारतीय स्टेट बैंक का 0.36, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 0.28 और अल्ट्राटेक सीमेंट का 0.07 फीसदी टूट गया।
टेक महिंद्रा में सबसे अधिक 3.19 प्रतिशत की साप्ताहिक तेजी देखी गयी। इटरनल का शेयर 2.93 फीसदी, एचडीएफसी बैंक का 2.90, टाइटन का 2.82, इंफोसिस का 2.01, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 2.00, सन फार्मा का 1.61 और बजाज फिनसर्व का 1.04 प्रतिशत की बढ़त में रहा। टाटा स्टील का शेयर 0.68 फीसदी, भारती एयरटेल का 0.58 और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 0.35 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।