एचटेट विवाद: भिवानी में भड़का गुस्सा, एनएसयूआई ने शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष का पुतला फूंका
एचटेट परीक्षा में लापरवाही ने शिक्षा बोर्ड प्रशासन के खोखले दावों की खोली पोल: मनजीत लांग्यान
भिवानी (सच कहूँ न्यूज)। Bhiwani News: हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को लेकर उपजा विवाद अब सड़कों पर आ गया है। परीक्षा प्रक्रिया और उत्तर-कुंजी में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए प्रदेशभर के अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है। इसी कड़ी में वीरवार को एनएसयूआई के कार्यकतार्ओं ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष का पुतला फूंका। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मंजीत लांगायन ने बोर्ड प्रशासन और राज्य सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बोर्ड की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए।
उन्होंने मई 2026 में मौजूदा शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष के पदभार संभालने के समय के दावों को याद दिलाते हुए कहा कि पद संभालने के बाद बोर्ड प्रशासन ने कई बड़ी-बड़ी बातें की थीं, दावे किए गए थे कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाया जाएगा। लेकिन हाल ही में संपन्न हुई एचटेट परीक्षा ने इन सभी दावों की पोल खोलकर रख दी है। लांगायन ने कहा कि शिक्षक बनने का सपना आंखों में सजाए लाखों युवा सालों तक दिन-रात कठिन परिश्रम करते हैं। अगर इतनी बड़ी और महत्वपूर्ण परीक्षा ही विवादों के घेरे में आ जाए, तो यह केवल छात्रों के भविष्य का नुकसान नहीं है, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र के भरोसे को तोड़ना है।
एनएसयूआई ने की ये मांगें
एनएसयूआई ने मांग की कि अभ्यर्थियों द्वारा उठाई गई हर एक शिकायत कि किसी स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति से निष्पक्ष जांच कराई जाए। परीक्षा प्रक्रिया में लापरवाही या गड़बड़ी बरतने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई हो। उत्तर-कुंजी या परीक्षा के किसी भी चरण में पाई गई गलतियों को बिना समय गंवाए तुरंत सुधारा जाए ताकि योग्य छात्रों का हक न मरे। भाजपा सरकार की रोजगार नीतियों पर निशाना साधते हुए एनएसयूआई नेता ने कहा कि सरकार लगातार बिना पर्ची-बिना खर्ची और पारदर्शी भर्ती के दावे तो करती है, लेकिन हकीकत में प्रतियोगी परीक्षाओं पर बार-बार सवाल उठ रहे हैं।
संगठन ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि बोर्ड प्रशासन और सरकार ने छात्रों की इन जायज मांगों को अनसुना किया, तो एनएसयूआई इस मुद्दे को लेकर चुप नहीं बैठेगी और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष होगा। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बोर्ड अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन में ऋतिक राणा, संदीप, जतिन, सचिन, इमरान, इरफान खान, कुणाल, साहिल, आर.के., पवन, मोहम्मद, यश और सुनील सहित भारी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता और पीड़ित छात्र मौजूद रहे।