फर्रुखनगर पुलिस ने एक घंटे में ढूंढी गुम हुई बच्ची
पीसीआर राइडर और सीसीटीवी की मदद से बालाजी बस्ती के पास से मिली बच्ची
गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: पुलिस थाना फरुखनगर की टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए सात वर्षीय गुमशुदा बच्ची की सूचना मिलने के मात्र एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया। आठ जुलाई गुरुवार को एक महिला ने पुलिस थाना फर्रुखनगर में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी सात साल की बेटी बुधवार सात जुलाई 2026 की शाम बालाजी बस्ती फरुखनगर में खेलने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस थाना फर्रुखनगर की टीम ने पीसीआर राइडर और थाना स्टाफ की मदद से करीब 50 पुलिसकर्मियों को तलाश में लगाया। साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला गया।
पुलिस के त्वरित और अथक प्रयासों से बच्ची को बालाजी बस्ती के पास स्थित मार्केट से सकुशल बरामद कर लिया गया। गुमशुदा होने की सूचना मिलने के लगभग एक घंटे के अंदर ही बच्ची मिल जाने से परिजनों ने राहत की सांस ली। बच्ची को सकुशल बरामद करने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और उसे सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के सकुशल मिलने परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस का आभार जताया। पुलिस टीम ने कहा कि यह उनकी ड्यूटी थी और वे आगे भी इसी तत्परता से काम करते रहेंगे। गुरुग्राम पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान रखें और उन्हें अकेले बाहर न जाने दें । यदि कोई बच्चा गुम हो जाए तो बिना देरी किए तुरंत नजदीकी पुलिस थाना/चौकी में सूचना दें।