भिवानी पुलिस और डीएलएफ फाउंडेशन की अनूठी पहल
पर्यावरण संरक्षण के लिए रोपेंगे 8 हजार पौधे, अभियान की भिवानी से हुई शानदार शुरूआत
भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौतियों के बीच भिवानी से पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बेहद सकारात्मक और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। भिवानी पुलिस ने डीएलएफ फाउंडेशन काउंसिल टीम गुरुग्राम के साथ मिलकर एक बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान का शंखनाद किया है। इस संयुक्त प्रयास के तहत भिवानी जिला में कुल 8 हजरी पौधे रोपने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है, जो आने वाले समय में क्षेत्र के पर्यावरण को एक नई संजीवनी प्रदान करेगा। भिवानी के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देशन में और डीएसपी क्राइम अनूप कुमार के नेतृत्व में वीरवार को भिवानी की पुलिस लाइन परिसर में इस विशेष अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और डीएलएफ फाउंडेशन की टीम ने मिलकर पौधे लगाए और इस अभियान को एक जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। इस खास मौके पर डीएलएफ फाउंडेशन काउंसिल के स्पेशल डायरेक्टर महेंद्र सिंह सेवानिवृत्त आईआरएस, रविंद्र सांगवान, उनकी पूरी टीम, जिला पुलिस के निरीक्षक सत्यनारायण सहित कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और इलाके के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस मौके पर डीएलएफ फाउंडेशन से जुड़े पर्यावरण प्रेमियों का कहना था कि गत वर्ष भी भिवानी पुलिस के साथ मिलकर लगभग 3 हजार पौधे सफलतापूर्वक रोपे थे, जो आज फल-फूल रहे हैं। इसी सफलता से प्रेरित होकर इस वर्ष हमने अपने लक्ष्य को लगभग तीन गुना बढ़ाते हुए 8 हजार पौधे लगाने का संकल्प लिया है।