एमबीबीएस में दाखिले का झांसा देकर 8 लाख ठगे, दो गिरफ्तार

नीट में कम अंक आने का उठाया फायदा, सीट दिलाने का दिया था झूठा भरोसा

Published On

कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर एक महिला से आठ लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने पटियाला निवासी अमन और गांव हेमू माजरा निवासी अभिनव को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

थाना सीवन में दर्ज शिकायत के अनुसार भूना के गांव रामनगर निवासी मंजीत कौर ने बताया कि उनकी बेटी मुस्कान ने नीट परीक्षा की तैयारी मोहाली से की थी। परीक्षा परिणाम में कम अंक आने के कारण उसे एमबीबीएस में प्रवेश नहीं मिल सका। इसी दौरान बेटी के साथ पढ़ने वाले अभिनव ने उसकी मुलाकात अमन से कराई, जिसने अपने पिता के एक सरकारी मेडिकल संस्थान में कार्यरत होने का हवाला देकर दाखिला सुनिश्चित कराने का दावा किया। आरोप है कि अमन ने दस्तावेज तैयार कराने और प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में करीब आठ लाख रुपये ले लिए।

जब परिवार ने बेटी का दोबारा कोचिंग संस्थान में दाखिला कराने की बात कही तो आरोपी ने यह कहकर मना कर दिया कि एमबीबीएस में प्रवेश तय हो चुका है। कई महीने बीतने के बाद भी दाखिला नहीं होने पर परिजनों ने स्वयं मेडिकल कॉलेज और संबंधित विश्वविद्यालय से जानकारी जुटाई, जहां पता चला कि छात्रा का किसी भी संस्थान में प्रवेश नहीं हुआ है। इसके बाद थाना सीवन में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Kaithal News
Kaithal News: ठगी के दोनो आरोपी पुलिस गिरफ्त में।

 

About The Author

Related Posts