छछरौली में एसडीएम का पैलेस, होटल व रेस्टोरेंटों पर औचक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों की जांच
छछरौली में होटल, पैलेस और ढाबों पर प्रशासन का औचक निरीक्षण
छछरौली (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Chhachhrauli News: क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने गुरुवार को छछरौली नेशनल हाईवे पर स्थित पैलेस, होटल और रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं, अग्निशमन उपकरणों, सीसीटीवी कैमरों एवं आगंतुकों के रिकॉर्ड की गहनता से जांच की गई। होटल संचालकों को सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
छछरौली के एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम के साथ नेशनल हाईवे पर स्थित पैलेस, होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वन विभाग, डीटीपी विभाग, पंचायत विभाग, राजस्व विभाग, नेशनल हाईवे तथा पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
एसडीएम ने होटल एवं पैलेस संचालकों से सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली और यह जांचा कि किसी भी अप्रिय घटना या आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं या नहीं। उन्होंने अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, उनकी कार्यशील स्थिति, परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों तथा उनके संचालन की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने संचालकों को निर्देश दिए कि होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की वैध पहचान संबंधी दस्तावेजों की प्रति अपने रिकॉर्ड में सुरक्षित रखें। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि होटल, पैलेस और ढाबा संचालक कानून का पूर्ण पालन करें तथा सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। साथ ही संचालकों को बाल मजदूरी जैसे गंभीर अपराधों के प्रति भी जागरूक करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रतिष्ठान में बाल श्रम पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन समय-समय पर ऐसे निरीक्षण करता रहेगा, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे और आमजन के साथ-साथ होटल एवं रेस्टोरेंट में आने वाले लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। संयुक्त निरीक्षण अभियान के दौरान अधिकारियों ने संचालकों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का हर हाल में पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
