बंद मकान में चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार
बंद घर में चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
फतेहाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Fatehabad: सदर फतेहाबाद पुलिस ने बंद मकान में चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुश पुत्र रोहताश निवासी गांव मल्हड़ तथा राजेश कुमार पुत्र लख्मी चंद निवासी गांव ढांड के रूप में हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद राय ने बताया कि गांव मल्हड़ निवासी उमेद सिंह 27 जून को अपने परिवार सहित किसी कार्य से फतेहाबाद गया हुआ था। दोपहर करीब एक बजे वापस लौटने पर उसने देखा कि मकान का मुख्य ताला टूटा हुआ था और संदूक व अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से मंगलसूत्र, एक पाजेब तथा कानों की एक जोड़ी बालियां चोरी मिलीं। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

About The Author