पशुपालन विभाग की दुग्ध प्रतियोगिता में हर्ष नागर की मुर्रा भैंसों ने मारी बाजी, मिलेगा 40 हजार रुपये का पुरस्कार
मुर्रा भैंसों ने दिलाया 40 हजार रुपये का पुरस्कार
Published On
फरीदाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Faridabad News: पशुपालन विभाग की मुर्रा विकास योजना के तहत फज्जुपुर नीमका गांव में आयोजित दुग्ध प्रतियोगिता में पशुपालक हर्ष नागर की मुर्रा भैंसों ने सबसे अधिक दूध देकर बाजी मारी। उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उन्हें 40 हजार रुपये के पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। पशुपालन विभाग के उपमंडल अधिकारी डॉ. सचिन धनखड़ के निर्देश पर आयोजित प्रतियोगिता में हर्ष नागर की एक भैंस ने 21 किलो और दूसरी ने 19 किलो दूध दिया। राजकीय पशु औषधालय के प्रभारी वीएलडीए राजबेल देशवाल ने बताया कि सरकार अच्छी नस्ल की मुर्रा भैंसों को प्रोत्साहित करने के लिए यह योजना चला रही है। उन्होंने कहा कि पशुपालक अपने पशुओं का पंजीकरण कराकर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
