ग्राम पंचायत का नशे पर बड़ा प्रहार, पुलिस के साथ चलाया तलाशी अभियान

डीएसपी पहुंचे गांव समैन, सरपंच बोले, नशे का कारोबार किसी कीमत पर नहीं होने देंगे

Published On

टोहाना (सच कहूँ/सुरेंद्र गिल)। Tohana News: गांव समैन की ग्राम पंचायत ने गांव को पूरी तरह नशामुक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस के साथ विशेष तलाशी अभियान चलाया। पंचायत की पहल पर शुक्रवार शाम डीएसपी जयभगवान पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे, जहां पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में घर-घर और गली-गली तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।

अभियान के दौरान ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि गांव में कहीं भी नशे की खरीद-फरोख्त, तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या पंचायत को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। गांव के सरपंच एवं हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के प्रधान रणबीर समैन ने बताया कि सरपंच बनने के बाद उनका पहला लक्ष्य गांव से शराब का ठेका बंद करवाना था, जिसमें सफलता मिली। अब पंचायत का अगला संकल्प गांव को पूरी तरह नशामुक्त बनाना है।

इसी उद्देश्य से पुलिस प्रशासन के सहयोग से समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशा समाज, विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। पंचायत किसी भी कीमत पर गांव में नशे का कारोबार पनपने नहीं देगी। यदि कोई व्यक्ति नशे की बिक्री या तस्करी में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

पुलिस को तुरंत दें नशे से जुड़ी सूचना: डीएसपी 

डीएसपी जयभगवान ने भी ग्रामीणों से नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नशे से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। ग्राम पंचायत ने स्पष्ट किया कि नशामुक्त गांव बनाने की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी। पंचायत का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर गांव में स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
Tohana News

 

About The Author

Related Posts