सम्भलहेड़ा में शराब का ठेका खोलने के विरोध में ग्रामीणों की सभा, आंदोलन की चेतावनी
गांव के पास शराब का ठेका खोलने के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन
मीरापुर (सच कहूं/कोमल कुमार)। Miranpur News: थाना क्षेत्र के ग्राम सम्भलहेड़ा के समीप शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में ग्रामीणों ने एक सभा आयोजित कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के नजदीक शराब का ठेका खुलने से सामाजिक माहौल बिगड़ेगा और युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ने का खतरा रहेगा।
सभा का आयोजन आलिम राजपूत के आवास पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। ग्रामीणों ने ठेका बंद कराने की मांग को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। इस दौरान आलिम राजपूत और हुमायूं सिद्दीकी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों के समक्ष रखा।
सभा में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी, जिला अध्यक्ष दिनेश बावरा, आदेश कुमार, राकेश मौर्य, कार्यालय प्रभारी राजेश कुमार ,सोनू बिजोड़ी सहित पार्टी एवं भीम आर्मी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। रविंद्र भाटी ने कहा कि ग्रामीणों की इस समस्या को किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही डीएम मुजफ्फरनगर से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा तथा गांव के समीप खोले गए शराब के ठेके को बंद कराने की मांग की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने ग्रामीणों की मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो आजाद समाज पार्टी बड़ा जनआंदोलन करेगी, जिसमें हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक शराब का ठेका गांव के समीप से हटाया नहीं जाता, तब तक पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर संघर्ष जारी रखेगी।
सभा में मौजूद महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी शराब के ठेके का पुरजोर विरोध किया। उनका कहना था कि गांव के पास शराब का ठेका होने से युवाओं में नशे की लत बढ़ेगी, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी और बेरोजगारी व सामाजिक समस्याएं बढ़ने की आशंका रहेगी। सभा में मौ. रफ़ी, अलीम, हुमायूं, मौ. वसी, जुबेर, रहीस, यासीन, राजकुमार, महकारा, चकित सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

About The Author