नवनिर्मित पुलिस चौकी जहानपुरा का डीएम-एसपी ने किया उद्घाटन
जहानपुरा में नई पुलिस चौकी का शुभारंभ
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: अपराधों पर पूर्णतयः अंकुश लगाए जाने एवं मजबूत कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस चौकी जहानपुरा का निर्माण कराया गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी शामली आलोक यादव एवं पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के द्वारा नवनिर्मित पुलिस चौकी का संयुक्त रूप से फीता काटकर विधिवत तरीके से शुभारंभ किया गया। लोकार्पण के उपरांत डीएम-एसपी ने चौकी भवन का निरीक्षण करके उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
उन्होंने चौकी के प्रभावी संचालन, जनसुनवाई की बेहतर व्यवस्था तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जहानपुरा में पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्र के नागरिकों को पुलिस सेवाएं और अधिक सुलभ एवं त्वरित रूप से प्राप्त होंगी। इससे स्थानीय स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद पुलिस आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। नवनिर्मित पुलिस चौकी जहानपुरा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, प्रभावी गश्त, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया तथा जनता-पुलिस समन्वय को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के साथ संवेदनशील एवं मित्रवत व्यवहार करते हुए गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुलिस चौकी की स्थापना को क्षेत्र की सुरक्षा, शांति व्यवस्था एवं जनसुविधा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, एसडीएम शिवाजी यादव, क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार, जिला शासकीय अधिवक्ता संजय चौहान, कैराना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री, अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह, पंडित मनोज नौटियाल आदि मौजूद रहे।
12.jpg)
About The Author