पंजाब के 5 आरोपी काबू, विदेशी पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस बरामद

हथियारबंद अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश, कालका में डकैती की साजिश नाकाम 

Published On

पंचकूला (सच कहूँ/मैनपाल)। Panchkula News: कालका थाना टीम ने हथियारों से लैस पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो किसी बड़ी डकैती को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध विदेशी पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस, लोहे की रॉड, गंडासी और सुआ जैसे हथियार बरामद किए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल होने वाली बिना नंबर प्लेट की होंडा सिटी कार को भी जब्त कर लिया गया है। पकड़े गए सभी आरोपी मूल रूप से पंजाब के मलोट के रहने वाले हैं और वहां एक गैंगवार में फायरिंग करने के बाद से फरार चल रहे थे। 

एसीपी कालका आशीष कुमार के अनुसार, 17 जून को कालका थाना प्रभारी प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली की रेस्ट हाउस और गौशाला के नजदीक एक सुनसान जगह पर होंडा सिटी कार में कुछ लड़के हथियारों के साथ बैठे हैं और वे कालका क्षेत्र में लूटपाट या डकैती की बड़ी योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो कार के पास खड़े तीन लड़के पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और मौके से कुल पांच आरोपियों को दबोच लिया।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के अनुसार आरोपी बबलू निवासी मलोट, पंजाब की तलाशी लेने पर एक अवैध विदेशी पिस्टल और मैगजीन में लोड 6 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए अन्य आरोपियों की पहचान ऋतिक उर्फ मंगू, नवीश कुमार उर्फ ननु, दीपक कुमार और खुशदीप सिंह उर्फ निर्मल के रूप में हुई है, जो सभी मलोट, जिला मुक्तसर, पंजाब के रूप में हुई हैं। पुलिस को इन आरोपियों के कब्जे से कई लोहे की रॉड और सुआ जैसे जानलेवा हथियार मिले हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुबूल किया कि मलोट में उनकी कुछ लड़कों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते 13 जून 2026 को उनका आपस में झगड़ा हुआ था और बबलू ने वहां सरेआम फायरिंग की थी। इस संबंध में पंजाब के थाना सदर मलोट में इनके खिलाफ हत्या के व आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज है। 

डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि आरोपी रितिक उर्फ मंगू एक आदतन और शातिर अपराधी है, जिस पर पंजाब में पहले से ही नशा तस्करी, चोरी और लड़ाई-झगड़े के कई संगीन मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी दीपक और खुशदीप को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं मुख्य आरोपी बबलू, रितिक और नवीश का 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

Panchkula News

About The Author

Related Posts