सीएम मान के फगवाड़ा दौरे से पहले कड़े सुरक्षा प्रबंध
बकाया गन्ना भुगतान को लेकर किसानों ने मांगा मिलने का समय
फगवाड़ा (सच कहूँ न्यूज)। Phagwara News: मुख्यमंत्री भगवंत मान के फगवाड़ा दौरे और प्रस्तावित ‘मिलनी कार्यक्रम’ से पहले शहर में वीरवार को व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए। मुख्यमंत्री के गांधी चौक में आम लोगों से संवाद करने के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। इसी बीच, भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के नेताओं और सदस्यों ने घोषणा की कि वे फगवाड़ा की दाना मंडी में एकत्र होकर गोल्डन संधार शुगर मिल्स द्वारा किसानों के लगभग 28 करोड़ रुपए के बकाया भुगतान न किए जाने के मुद्दे को उठाएंगे।
किसान नेताओं ने प्रशासन से मुख्यमंत्री के साथ बैठक कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने का समय नहीं दिया गया, तो वे दाना मंडी में विरोध प्रदर्शन शुरु करेंगे। दूसरी ओर, दिव्यांग एक्शन कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष लखवीर सिंह सैनी और महिला विंग की अध्यक्ष दविंदर कौर को पुलिस ने एहतियातन उनके घरों में नजरबंद कर दिया। दोनों नेता मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर दिव्यांगजनों से जुड़ी समस्याओं को उठाना चाहते थे।
मुख्यमंत्री के शाम साढ़े छह बजे के बाद शहर पहुंचने की संभावना के मद्देनजर पुलिस ने बाजार बंसांवाला, गांधी चौक, लोहा मंडी रोड, रेलवे रोड और सराय रोड सहित कई प्रमुख मार्गों और प्रवेश बिंदुओं पर बैरिकेडिंग कर दी। सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण पूरे दिन शहर के बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। स्थानीय व्यापारियों ने दावा किया कि यातायात प्रतिबंधों और बैरिकेडिंग के कारण ग्राहकों को बाजारों तक पहुंचने में परेशानी हुई, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ।
