अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होगा भव्य योग कार्यक्रम
कैराना में 21 जून को भव्य योग समारोह, डीके कॉन्वेंट स्कूल में होगा आयोजन
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: भारतीय योग संस्थान कैराना(पंजी.) द्वारा आगामी 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कस्बे की टीचर्स कॉलोनी में स्थित डीके कॉन्वेंट स्कूल में प्रातः 5:00 बजे से 7:00 बजे तक एक विशाल योग समारोह का आयोजन किया जाएगा। उक्त जानकारी संस्थान के क्षेत्रीय प्रधान संजय राजवंशी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा।
कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आध्यात्मिक गुरु स्वामी योग चिन्मय का सान्निध्य प्राप्त होगा। स्वामी योग चिन्मय देश-विदेश में अनेक योग एवं ध्यान शिविरों का सफल संचालन कर चुके हैं। विभिन्न प्रदेशों के राज्यपाल एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। समाज सेवी प्रतीक गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम, ध्यान तथा स्वस्थ जीवनशैली संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में नगर एवं क्षेत्र के योग साधक, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी, महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
भारतीय योग संस्थान कैराना ने सभी योग प्रेमियों, साधकों एवं नागरिकों से अपील की है कि वह अपने परिवार एवं इष्ट मित्रों सहित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग को जन-जन तक पहुँचाने के इस अभियान को सफल बनाएं। इसके अतिरिक्त, भारतीय योग संस्थान सरस्वती विद्या मंदिर कैराना व शिव मंदिर बुच्चाखेड़ी में भी योग दिवस भव्यता से मनाया जाएगा।
8.jpg)