न्यायालय में विचाराधीन भूमि पर अवैध निर्माण रोकने की मांग, एसडीएम को दिया प्रार्थना पत्र
विवादित भूमि पर निर्माण का आरोप, बुजुर्ग ने एसडीएम से लगाई गुहार
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: तहसील क्षेत्र के गांव भूरा निवासी एक बुजुर्ग व्यक्ति ने न्यायालय में विचाराधीन भूमि पर कथित रूप से अवैध निर्माण किए जाने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी कैराना को प्रार्थना-पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। गांव भूरा निवासी महताब ने एसडीएम को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि गाटा संख्या-596/1 से संबंधित भूमि का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
जब तक न्यायालय द्वारा अंतिम निर्णय नहीं दिया जाता, तब तक उक्त भूमि पर किसी भी प्रकार का पक्का निर्माण किया जाना नियमों के विरुद्ध है। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग विवादित भूमि पर नई दीवार खड़ी करने का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन निर्माण कार्य जारी है। महताब ने आरोप लगाया कि न्यायालय के आदेशों की अनदेखी करते हुए विवादित भूमि पर निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने 10 तथा 16 मई 2026 को किए गए कथित निर्माण कार्यों की रंगीन तस्वीरें भी प्रार्थना-पत्र के साथ संलग्न की हैं। शिकायतकर्ता ने स्वयं को वृद्ध एवं अस्वस्थ बताते हुए कहा कि विवाद के कारण उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में मांग की गई है कि न्यायालय के अंतिम निर्णय तक विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच करके आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
6.jpg)