OLA Cabs Banned: चंडीगढ़ में ओला कैब और बाइक टैक्सी सेवा पर रोक
लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। OLA Cabs Banned: केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ प्रशासन ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में ओला (एएनआई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड) का एग्रीगेटर लाइसेंस छह महीने के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रशासन के सूत्रों के अनुसार कंपनी ने स्थानीय कार्यालय बंद कर दिया था, ड्राइवर नियमों का पालन नहीं किया और जारी नोटिसों का संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया। इन कारणों को लेकर प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। इस बीच, कैब चालकों के संगठन के अमनदीप सिंह प्रधान ने प्रशासन के फैसले का स्वागत करते हुए कई सवाल भी उठाए।
उन्होंने कहा कि यदि ओला का लाइसेंस निलंबित किया गया है, तो कंपनी के मोबाइल एप्लीकेशन को भी प्ले स्टोर से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से पूछा कि अन्य एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई क्यों नहीं की गयी। उनका कहना है कि यदि नियमों का उल्लंघन अन्य कंपनियां भी कर रही हैं, तो उनके खिलाफ भी समान कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रशासन ने बाकी कंपनियों को क्लीन चिट दे दी है। कैब चालकों की संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि उनकी कई मांगें अभी भी लंबित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा और आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
