झुग्गी-झोपड़ियों में मेडिकल सेवाएँ देने पर डॉ. शिल्पा गर्ग को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
गरीबों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने वाली डॉ. शिल्पा गर्ग को मिला मुख्यमंत्री सम्मान
शहना/बरनाला। (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Barnala News: जिला बरनाला के गाँव शहना की निवासी डॉ. शिल्पा गर्ग को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विशेष रूप से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद और गरीब लोगों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए दिया गया।
डॉ. शिल्पा गर्ग, गाँव शहना के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अनिल गर्ग की बेटी हैं। उन्हें मानवता की सेवा करने की प्रेरणा अपने परिवार और पिता से विरासत में मिली है। उन्होंने आधुनिक सुविधाओं की परवाह किए बिना समाज के सबसे पिछड़े और गरीब वर्ग के लिए निरंतर सेवाएं दीं, जिसका सरकार ने मूल्यांकन करते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा। डॉ. शिल्पा गर्ग पहले लगभग 10 वर्ष पूर्व सरकारी अस्पताल शहना में मेडिकल आॅफिसर के रूप में भी सेवाएँ दे चुकी हैं, जहाँ उनके मिलनसार स्वभाव और बेहतरीन इलाज के कारण उन्हें काफी सम्मान मिला था।
मुख्यमंत्री द्वारा सम्मान मिलने की खबर से गाँव के गणमान्यजनों और राजनेताओं ने डॉ. अनिल गर्ग को बधाई दी। इस अवसर पर सरपंच नाजम सिंह, भारतीय किसान यूनियन कादियां के जिला संगठन सचिव गुुरविन्द्र सिंह, व्यापारी नेता कृष्ण गोपाल विक्की, पूर्व सरपंच अमृतपाल सिंह खालसा सहित कई लोगों ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि डॉ. शिल्पा ने मुख्यमंत्री से सम्मान प्राप्त कर गाँव शहना का नाम पूरे पंजाब में रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी इसी तरह गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करती रहेंगी और युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगी।