Mission Clean Punjab: ‘मिशन क्लीन पंजाब’ की शुरुआत, अधिकारी रोजाना सुबह 7 से 8 बजे तक होंगे फील्ड में
गंदगी के खिलाफ पंजाब सरकार का बड़ा अभियान
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Mission Clean Punjab: स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोमवार को राज्य के शहरों और कस्बों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ‘मिशन क्लीन पंजाब’ अभियान की शुरुआत की। इस तकनीक आधारित विशेष अभियान के तहत अब नगर निकायों के सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह सात बजे से आठ बजे तक अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
स्थानीय निकाय विभाग के मुख्यालय में अभियान का शुभारंभ करते हुए मंत्री ने वीडियो कॉल के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों से पहले दिन की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि यह अभियान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित मोबाइल एप, औचक निरीक्षण और साप्ताहिक प्रगति रिपोर्टों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। बैंस ने बताया कि मिशन के तहत प्रत्एक शहरी स्थानीय निकाय क्षेत्र को 10 किलोमीटर के जोनों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्एक जोन की निगरानी अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी), नगर निगम आयुक्त, संयुक्त आयुक्त और कार्यकारी अधिकारियों जैसे वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी। सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों के लिए प्रतिदिन सुबह सात से आठ बजे तक फील्ड विजिट अनिवार्य होगी।
उन्होंने कहा कि यह कोई एक दिन का विशेष कार्यक्रम नहीं बल्कि गंदगी के खिलाफ रोजाना चलने वाला अभियान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारियों को कार्यशील कैमरे और इंटरनेट सुविधा वाले स्मार्टफोन अपने साथ रखने होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान स्वयं इस अभियान की निगरानी करेंगे और किसी भी अधिकारी को किसी भी समय मुख्यमंत्री या उनके कार्यालय से फोन आ सकता है। उन्होंने बताया कि एआई आधारित मोबाइल एप के जरिए सफाई कार्यों की रियल-टाइम निगरानी की जाएगी। अधिकारी वीडियो कॉल पर उपलब्ध रहेंगे और बिना किसी पूर्व सूचना के कहीं भी औचक निरीक्षण किया जा सकेगा।