अवैध हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
भिवानी में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देशी पिस्तौल बरामद
भिवानी (सच कहूँ न्यूज)। Bhiwani News: भिवानी सीआईए स्टाफ प्रथम की टीम ने एक व्यक्ति को अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि भिवानी सीआईए स्टाफ प्रथम में तैनात एएसआई प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी के दौरान नांगल बस अड्डा क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि राजस्थान के चुरू के गांव बालाण निवासी राहुल उर्फ राघलिया अपने पास अवैध हथियार रखे हुए है तथा ईंट-भट्टा, मानहेरू रोड के पास खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू किया।
नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत सदर थाना में मामला दर्ज कार्रवाई अमल में लाई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह ट्रक पर हेल्पर का कार्य करता है तथा उक्त अवैध हथियार गुजरात से 10 हजार रुपए में खरीदकर लाया था। उसने यह भी बताया कि वह भिवानी के मानहेरू में अपने एक परिचित से मिलने आया था। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए।