Weather Update: हरियाणा में अगले 4 दिन मानसून कमजोर, पंजाब व दिल्ली-एनसीआर में बारिश के आसार

राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना

Published On

नई दिल्ली/चंडीगढ़ (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। हरियाणा, पंजाब सहित दिल्ली-एनसीआर में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। लेकिन अब अगले चार दिनों तक हरियाणा में मानसून कमजोर रहेगा तो पंजाब में बारिश बरकरार रहने के आसार हैं। देश की राजधानी राजधानी में लगातार तीसरे दिन बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

बुधवार को राजस्थान में भी जमकर बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश की वजह से उत्तर भारत में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान हरियाणा के करनाल व पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भारत मौसम विभाग के मौसम बुलेटिन के मुताबिक आगामी चार दिनों के दौरान हरियाणा में मौसम खुशक रहने की वजह से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

फिलहाल बारिश थम गई है, लेकिन दिनभर बादल छाए रहने और शाम या रात के समय फिर से बारिश होने की संभावना है। बीच-बीच में हल्की धूप भी निकल सकती है। स्काईमेट के मुताबिक उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके साथ 10 हजार फीट की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण और लगभग 18 हजार फीट तक एक ट्रफ बनी हुई है।

वहीं पूर्वी राजस्थान से झारखंड तक एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ भी फैली हुई है, जिसके बीच छोटे-छोटे चक्रवाती परिसंचरण मौजूद हैं। इसी वजह से मानसून ट्रफ दिल्ली के दक्षिण में खिसक गई है। हवा की दिशा भी अब पश्चिमी से बदलकर पूर्वी हो गई है। इसलिए बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाएं पूर्व से पश्चिम की ओर बढ़ रही हैं, जिससे दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादल बन रहे हैं और रुक-रुक कर बारिश हो रही है।

About The Author

Related Posts