शिक्षा और रोजगार
Admission Extended: कक्षा 9 से 12 तक प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 25 जुलाई तक होंगे दाखिले
अनामांकित एवं ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से लिया निर्णय
Admission Extended: हनुमानगढ़। राजस्थान के राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने नामांकन अभिवृद्धि तथा अनामांकित एवं ड्रॉपआउट बालक-बालिकाओं को पुन: विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। Rajasthan Education News
निदेशक माध्यमिक शिक्षा एवं पदेन अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक (वरिष्ठ) समग्र शिक्षा सीताराम जाट (आईएएस) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पहले कक्षा 9 से 12 में प्रवेश की अंतिम तिथि 11 जुलाई निर्धारित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 25 जुलाई कर दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि राज्य के सभी राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालय इस अवधि तक पात्र विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित करेंगे, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं का नामांकन हो सके और ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
वहीं कक्षा 1 से 8 तक प्रवेश पूरे सत्र के दौरान पूर्ववत जारी रहेंगे। निदेशालय ने सभी संभागीय संयुक्त निदेशकों, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारियों, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों, ब्लॉक संदर्भ केन्द्र प्रभारियों तथा पीईईओ/यूसीईईओ को निर्देश दिए हैं कि आदेशानुसार प्रवेश संबंधी समस्त कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित कराई जाए।
पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर नंबर 12, हनुमानगढ़ जंक्शन की प्रिंसिपल सुनीता यादव ने बताया कि कक्षा 9 से 12 में प्रवेश की अंतिम तिथि 25 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जिन विद्यार्थियों का अभी तक प्रवेश नहीं हुआ है, वे निर्धारित तिथि से पहले विद्यालय पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें। Rajasthan Education News