Delhi Fire Tragedy: दक्षिण दिल्ली में एक ही परिवार की महिला और दो बच्चों की दर्दनाक मौत

दक्षिण दिल्ली में भीषण अग्निकांड का शिकार हुआ परिवार

Published On

Delhi Fire Tragedy: नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के लोधी रोड क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। Delhi News

दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह लगभग 10:21 बजे मिली। यह घटना लोधी रोड थाना क्षेत्र की बी.के. दत्त कॉलोनी के बी-ब्लॉक स्थित एक मकान में हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने वाटर टेंडर, वाटर बाउजर और बड़े फायर टेंडर सहित कई संसाधनों को घटनास्थल पर रवाना किया।

राहत अभियान के दौरान दमकलकर्मियों को मकान का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। उस समय तक आग तीसरी मंजिल तक फैल चुकी थी और पूरे भवन में घना धुआं भर गया था। तलाशी के दौरान एक महिला और उसके दो बच्चों के शव बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार, तीनों की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। Delhi News

करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर नियंत्रण पा लिया। इसके बाद भवन को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया गया। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच में जुटी हैं।

इस हृदयविदारक घटना ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल के महीनों में दिल्ली में आग लगने की कई बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन ने नागरिकों से घरों में विद्युत उपकरणों और गैस कनेक्शन का सुरक्षित उपयोग करने तथा अग्नि सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। Delhi News

About The Author

Related Posts