शिक्षा और रोजगार
सपनों की उड़ान के लिए नशे से दूरी जरूरी: एसीजेएम तुषार बिश्नोई
सुरेवाला विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
टिब्बी (सच कहूँ न्यूज़)। Tibbi News: राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार "ट्रांसफॉर्मिंग ट्यूजडेज" अभियान के तहत मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुरेवाला में कानूनी साक्षरता एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रधानाचार्य इंद्रकुमार पन्नू ने मुख्य अतिथि ताल्लुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) तुषार बिश्नोई का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
"नशे को ना कहो, अपने सपनों को हां कहो" विषय पर आयोजित कार्यक्रम में एसीजेएम तुषार बिश्नोई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जिज्ञासा, गलत संगत, साथियों का दबाव, तनाव और सोशल मीडिया के प्रभाव से कई युवा नशे की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जबकि नशा जीवन और भविष्य दोनों को बर्बाद कर देता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की जानकारी देते हुए बताया कि नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त, सेवन, तस्करी और भंडारण कानूनन अपराध है तथा इसके लिए कठोर दंड का प्रावधान है। उन्होंने किसी भी प्रकार के नशे का प्रस्ताव मिलने पर स्पष्ट रूप से "ना" कहने और ऐसी गतिविधियों की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।
कार्यक्रम में नशे की पहचान, बचाव, गलत संगत से दूरी, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव और नशे की लत से ग्रस्त लोगों के पुनर्वास पर भी जानकारी दी गई। एसीजेएम ने विद्यालय में "कोर्ट वाली दीदी" सुझाव पेटिका स्थापित करने का सुझाव देते हुए बताया कि इसकी नियमित मॉनिटरिंग न्यायालय की ओर से की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। साथ ही उन्होंने निःशुल्क कानूनी सहायता एवं हेल्पलाइन सेवाओं की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन जीने, दूसरों को भी जागरूक करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का सामूहिक संकल्प लिया। प्रधानाचार्य इंद्रकुमार पन्नू ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का आह्वान किया। कार्यक्रम के पश्चात् एसीजेएम ने विद्यालय प्रबंधन के साथ स्कूल परिसर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर अधिकार मित्र प्रभु राम,मुंसफ अली,न्यायालय लिपिक मुकेश कुमार, सुरेवाला चौकी से विनोद लेघा, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
