Hanumangarh News: चलती बाइक पर जेब फाड़कर नकदी व दस्तावेज लेकर फरार हुए बदमाश
रावतसर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की
हनुमानगढ़। चलती मोटर साइकिल पर जा रहे एक व्यक्ति की जेब फाड़कर 10 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड, जन आधार कार्ड और डायरी छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। रावतसर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 13, रावतसर निवासी 62 वर्षीय बृजलाल पुत्र हजारी राम जाट ने रिपोर्ट दी कि 3 जुलाई को सुबह करीब 11.20 बजे वह अपने घर से मोटर साइकिल पर एमडी स्कूल जा रहा था। Hanumangarh News
इसी दौरान धर्मपाल कुम्हार के घर के पास पीछे से हीरो सीडी डीलक्स मोटर साइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उसके पास आए। रिपोर्ट के अनुसार दोनों युवकों ने चलती मोटर साइकिल के दौरान उसके कुर्ते की साइड वाली जेब पकड़कर खींच ली, जिससे जेब फट गई। जेब में रखे 10 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड, जन आधार कार्ड और एक डायरी लेकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई अमर सिंह को सौंपी है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है। Hanumangarh News