Rain News: 24 घंटे की लगातार बारिश से संभलहेड़ा में बाढ़ जैसे हालात, घरों में घुसा पानी, लाखों की फसल बर्बाद
गांव के मुख्य मार्गों पर करीब तीन से चार फीट तक पानी जमा
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Miranpur News: क्षेत्र के गांव संभलहेड़ा में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गांव के कई मोहल्लों में जलभराव हो गया है और तालाब का पानी उफनकर दर्जनों घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार लगातार बारिश के चलते गांव का मुख्य तालाब पूरी तरह भर गया। इसके बाद पानी आसपास के मकानों और गलियों में फैल गया। कई परिवारों के घरों में पानी भर जाने से घरेलू सामान खराब हो गया और लोगों को रातभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गांव के मुख्य मार्गों पर करीब तीन से चार फीट तक पानी जमा होने से आवागमन बाधित हो गया है। वहीं क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री सिद्ध पीठ पंचमुखी महादेव मंदिर जाने वाले मार्ग पर भी करीब तीन फीट पानी भर गया है, जिससे मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार जलभराव के कारण किसानों को भी भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। गांव में बड़े पैमाने पर की गई मिर्च की खेती पूरी तरह पानी में डूब गई है, जिससे किसानों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। वहीं गन्ने के खेतों में भी कई फुट तक पानी भर जाने से फसल खराब होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो नुकसान और बढ़ सकता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बरसात से पहले ग्राम पंचायत और प्रशासन द्वारा तालाबों की समय पर सफाई नहीं कराई गई। इसके अलावा तालाबों पर हुए अवैध अतिक्रमण और गाद भर जाने के कारण उनकी जलधारण क्षमता काफी कम हो गई है। यही वजह है कि मात्र 24 घंटे की बारिश में ही गांव में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने, तालाबों से अतिक्रमण हटाने तथा फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि जलभराव के कारण पशुओं के लिए चारा लाने, खाद्य सामग्री की व्यवस्था करने और दैनिक आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द राहत कार्य शुरू नहीं किए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
