Uttarakhand Education News: उत्तराखंड के राजकीय आईटीआई में प्रवेश शुरू, इच्छुक छात्र-छात्राएं जल्दी करें आवेदन

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 जुलाई, ड्यूल ट्रेनिंग का मिलेगा लाभ

Published On

ITI Admission Open: नैनीताल (हि.स.)। उत्तराखंड के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में वर्ष 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा के तहत विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक छात्र-छात्राएं 25 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। Uttarakhand Education News

कुमाऊं मंडल के 37 आईटीआई में इस वर्ष भी दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली (ड्यूल ट्रेनिंग सिस्टम) के तहत प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। राजकीय आईटीआई बेतालघाट में कार्यरत कुमाऊं मंडल की प्रवेश समिति के उप नोडल अधिकारी राजेंद्र पांडे ने बताया कि एक वर्षीय पाठ्यक्रम के प्रशिक्षार्थियों को छह माह चयनित कंपनी में तथा द्विवर्षीय पाठ्यक्रम के प्रशिक्षार्थियों को एक वर्ष संस्थान और एक वर्ष कंपनी में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में कंपनी नियमानुसार मानदेय भी देगी।

उन्होंने बताया कि संस्थान स्तर से प्रशिक्षणार्थियों को ड्रेस भी उपलब्ध कराई जाती है तथा प्रतिवर्ष रोजगार एवं अप्रेंटिस मेले आयोजित कर प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाते हैं। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए जिला उद्योग केंद्र, एमएसएमई और बैंक अधिकारियों के माध्यम से ऋण एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाती है। उन्होंने बताया कि अग्निवीर भर्ती में भी आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को नियमानुसार वरीयता मिलती है।

पांडे के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2026 है। आवेदन पत्र में संशोधन 22 से 25 जुलाई, मेरिट सूची का प्रकाशन 26 जुलाई, विकल्प भरने की प्रक्रिया 27 जुलाई से 2 अगस्त, प्रथम काउंसलिंग सूची 4 अगस्त तथा प्रवेश प्रक्रिया 4 से 10 अगस्त 2026 तक चलेगी। उन्होंने अभिभावकों एवं इच्छुक छात्र-छात्राओं से निकटतम राजकीय आईटीआई अथवा उत्तराखंड आईटीआई की आधिकारिक वेबसाइट से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर समय पर आवेदन करने की अपील की है। Uttarakhand Education News

About The Author

Related Posts