शादी करवाने के नाम पर दो लाख की ठगी, दुल्हन 12 दिन बाद नकदी-जेवर लेकर फरार

रिश्ता कराने वाले गिरोह पर धोखाधड़ी का आरोप, गोलूवाला थाने में मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। जिले के गोलूवाला थाना क्षेत्र में शादी करवाने के नाम पर दो लाख रुपए की कथित ठगी और घर से नकदी व सोने के आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर गोलूवाला थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 8, गोलूवाला निवासी गगनदीप कौर (28) पत्नी इकबाल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका बड़ा भाई कुलदीप सिंह, जो अबोहर में रहता है, अविवाहित है और उसने उसके लिए रिश्ता तलाशने को कहा था। Hanumangarh News

रिपोर्ट के अनुसार, 29 दिसंबर 2023 को वह कैंचियां स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवाई लेने गई थी। वहां एक व्यक्ति मेडिकल संचालक सुभाष बोगिया से बातचीत करते हुए खुद को रिश्ते करवाने का काम करने वाला बता रहा था। इस पर गगनदीप कौर ने अपने भाई के विवाह की बात की। उस व्यक्ति ने अपना नाम मदनलाल निवासी सुभानवाला बताया और कहा कि उसकी नजर में लक्ष्मी निवासी फिरोजपुर, पंजाब नाम की युवती है, जिससे विवाह कराया जा सकता है।

शिकायत में बताया गया कि कुछ दिन बाद मदनलाल अपने साथी बलदेव सिंह के साथ उसके घर आया और कहा कि लड़की पक्ष गरीब है, इसलिए विवाह करवाने के लिए दो लाख रुपए देने होंगे। परिवार इसके लिए तैयार हो गया। आरोप है कि बलदेव सिंह के कहने पर परिचित सुभाष के मोबाइल फोन के माध्यम से 60 हजार रुपए लवली उर्फ लवप्रीत, जो खुद को लड़की का भाई बता रहा था, के खाते में ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद शेष 1.40 लाख रुपए उसी दिन फिरोजपुर स्थित लक्ष्मी के घर पर सुभाष की मौजूदगी में बलदेव सिंह और लवली को नकद दे दिए गए। Hanumangarh News

रिपोर्ट के अनुसार, भुगतान के बाद पारंपरिक रस्म के तहत लक्ष्मी को चुनरी ओढ़ाकर गोलूवाला लाया गया, जहां वह करीब 10 से 12 दिन तक कुलदीप सिंह के साथ रही। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद लक्ष्मी ने अपनी भाभी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाया और कुलदीप सिंह के साथ अबोहर गई। वहां उसने कथित रूप से कुलदीप सिंह को डरा-धमकाकर अलग कर दिया और स्वयं वहां से फरार हो गई। जब कुलदीप सिंह वापस घर लौटा और अपना संदूक देखा तो उसमें रखे 30 हजार रुपए नकद, एक सोने का मंगलसूत्र तथा सोने की एक जोड़ी बालियां गायब मिलीं।

परिजनों ने बाद में लक्ष्मी और अन्य आरोपियों से संपर्क किया तथा आम आदमी पार्टी की भूपेंद्र कौर की मौजूदगी में पंचायत भी हुई। शिकायत के अनुसार, पंचायत में आरोपियों ने 15 दिन के भीतर रुपए और जेवर लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन आज तक न तो राशि लौटाई गई और न ही आभूषण वापस किए गए। परिवाद में लक्ष्मी, बलदेव सिंह, लवली उर्फ लवप्रीत, मदनलाल और लक्की पर शादी का झांसा देकर ठगी करने तथा घर से नकदी और सोने के जेवर चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया गया है। गोलूवाला थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक श्रीभगवान को सौंपी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम, लेन-देन और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts