घर-घर जाकर प्रगणक करेंगे ओबीसी परिवारों का सर्वेक्षण
राजस्थान में OBC परिवारों का डिजिटल सर्वेक्षण 10 जुलाई से शुरू
जयपुर (सच कहूं न्यूज)। Jaipur News: राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग (राजनीतिक प्रतिनिधित्व) आयोग द्वारा राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के संबंध में समसामयिक एवं अनुभवजन्य अध्ययन किया जाएगा। ओबीसी आयोग के जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि उक्त अध्ययन के अंतर्गत आयोग द्वारा 10 जुलाई से 23 जुलाई, 2026 तक प्रदेश के समस्त जिलों में 'राजधारा सर्वे मोबाइल ऐप' के माध्यम से ओबीसी परिवारों का राज्यव्यापी डिजिटल सर्वेक्षण किया जाएगा।
सर्वेक्षण का उद्देश्य राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग की वर्तमान सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक, जनसांख्यिकीय एवं स्थानीय निकायों में राजनीतिक प्रतिनिधित्व से संबंधित तथ्यात्मक एवं अद्यतन आंकड़ों का संकलन करना है। सर्वेक्षण कार्य पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपादित किया जाएगा। आयोग द्वारा विकसित 'राजधारा सर्वे मोबाइल ऐप' के माध्यम से नियुक्त लगभग 51168 प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्र के अनुसार सूचनाओं का संकलन करेंगे। संपूर्ण प्रक्रिया का ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं गुणवत्ता नियंत्रण आयोग स्तर पर सुनिश्चित किया जाएगा।
सर्वेक्षण के लिए आयोग द्वारा जिला स्तर पर नियुक्त 82 नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों एवं ब्लॉक स्तर पर नियुक्त 765 नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों, 1428 मास्टर ट्रेनर्स एवं अन्य संबंधित अधिकारियों का प्रशिक्षण कराया जा चुका है। राजधारा सर्वे मोबाइल ऐप का प्रशिक्षण सुनिश्चित कर दिया गया है। आयोग ने सर्वेक्षण कार्य के प्रभावी संचालन हेतु अतिरिक्त जिला कलेक्टर को जिला समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया है।
