Blood Donation: समाजसेवी संदीप चौधरी ने अनूठे अंदाज में मनाया अपना 60वां जन्मदिवस
सामान्य अस्पताल डबवाली के ब्लड सेंटर में किया रक्तदान
Blood Donation: डबवाली, (सच कहूँ/सुभाष)। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने वाले समाजसेवी एवं पेट्रोल डीलर संदीप चौधरी ने अपने 60वें जन्मदिवस को अनूठे अंदाज में मनाते हुए सामान्य अस्पताल डबवाली के ब्लड सेंटर में रक्तदान किया। उन्होंने समाज को यह संदेश दिया कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को सेवा और मानवता के कार्यों से भी यादगार बनाया जा सकता है। Sirsa News
इस अवसर पर युवा रक्तदान सोसायटी के संस्थापक सुरेंद्र सिंगला ने संदीप चौधरी के इस प्रेरणादायी कदम की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और ऐसे प्रयास समाज में दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
रक्तदान के बाद संदीप चौधरी ने सभी स्वस्थ लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जन्मदिन, वर्षगांठ या अन्य विशेष अवसरों पर रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों को अपनाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई जा सकती है। उपस्थित लोगों ने भी उनके इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। Sirsa News