Chess Championship: क्रेसेंट पब्लिक स्कूल के होनहार छात्र विहान बने हरियाणा अंडर-11 शतरंज चैंपियनशिप के चैंपियन
खिताब जीतकर विद्यालय, जिले और प्रदेश का नाम किया रोशन
Haryana Under-11 Chess Championship: फतेहाबाद, (विनोद कुमार शर्मा)। क्रेसेंट पब्लिक स्कूल (Crescent Public School's) के होनहार छात्र विहान ने 30वीं हरियाणा स्टेट अंडर-11 ओपन शतरंज चैंपियनशिप का खिताब जीतकर विद्यालय, जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। अब वह 2 से 8 अगस्त तक मंगलुरु (कर्नाटक) में आयोजित होने वाली 39वीं राष्ट्रीय अंडर-11 ओपन शतरंज चैंपियनशिप में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे। करनाल में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों से 60 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
विहान ने सात राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 अंक हासिल किए और प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। पूरे टूनार्मेंट में उन्होंने बेहतरीन रणनीति, संयम और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ा। इस प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने 1755 की प्रभावशाली परफॉर्मेंस रेटिंग भी अर्जित की। विद्यालय की प्रधानाचार्या रितु सिंधु ने विहान को बधाई देते हुए कहा कि क्रेसेंट पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विहान ने अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।