दादूपुर पुल के पास अवैध खोखों पर चला सिंचाई विभाग का पीला पंजा, 15 खोखे हटाए

दादूपुर पुल के पास अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 15 खोखे हटाए

Published On

छछरौली ((सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Chhachhrauli News: दादूपुर पुल के पास शनिवार को सिंचाई विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15 खोखों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

कार्रवाई के दौरान प्रभावित दुकानदारों ने विभाग की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि वे पिछले लगभग 30 वर्षों से यहां छोटे-छोटे खोखों में अपना रोजगार चला रहे थे और इसी से उनके परिवार का पालन-पोषण होता था। दुकानदारों ने प्रशासन से उनके पुनर्वास की मांग करते हुए कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के उनकी आजीविका छीन ली गई है।

वहीं सिंचाई विभाग के एस डी ओ अजय कटारिया का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की गई है। विभाग के अनुसार दादूपुर पुल के आसपास की भूमि सिंचाई विभाग की है, जिस पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2024 से लगातार संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे थे। इसके अलावा कई बार मुनादी भी करवाई गई थी, ताकि अतिक्रमणकारी स्वयं अपने खोखे हटा लें, लेकिन चेतावनी के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया।

विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बार-बार नोटिस देने और पर्याप्त समय मिलने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटने पर मजबूरन जेसीबी मशीन की सहायता से कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना विभाग की जिम्मेदारी है और भविष्य में भी इस प्रकार के अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

कार्रवाई के दौरान कई स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे। कुछ लोगों ने विभाग की कार्रवाई को उचित बताया, जबकि प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से राहत और पुनर्वास की मांग दोहराई।

Chhachhrauli News

About The Author

Related Posts