Sri Ganganagar Police: पाकिस्तान से हैरोईन तस्करी करने वाले गिरोह पर श्रीगंगानगर पुलिस को बड़ी सफलता

10 किलो से अधिक हेरोइन और नकदी बरामद, एक कार जब्त

Published On

Sri Ganganagar Police: श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सीमा संकल्प' के तहत जिला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में हेरोइन, नकदी और एक कार जब्त की है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। Sri Ganganagar News

जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत लगातार मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों और संगठित अपराध पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत जैतसर और समेजा कोठी थाना पुलिस ने यह सफलता हासिल की।

नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई संदिग्ध कार

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर की एक कार में अवैध मादक पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जैतसर क्षेत्र में नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम की एक कार को टक्कर मार दी। Sri Ganganagar News

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर कब्जे में ले लिया। तलाशी लेने पर कार से 20 पैकेटों में लगभग 9.9 किलोग्राम हेरोइन तथा 1.40 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन भी जब्त कर लिया। इसी अभियान के तहत समेजा कोठी थाना पुलिस ने एक अलग कार्रवाई करते हुए एक महिला के कब्जे से 511 ग्राम से अधिक हेरोइन तथा 21,200 रुपये नकद बरामद किए। महिला को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। बरामद मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला, तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। Sri Ganganagar News

 

About The Author

Related Posts