चुहड़पुर कलां में 'शिवाजी प्रेस क्लब' का गठन; रविंद्र चौहान चुने गए प्रधान
पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए बना शिवाजी प्रेस क्लब
प्रताप नगर (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Pratap Nagar News: गांव चुहड़पुर कलां में पत्रकारों के हितों की रक्षा, सामाजिक सरोकारों को मजबूती देने तथा निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिवाजी प्रेस क्लब का गठन किया गया है। चुहड़पुर कलां के एक निजी पैलेस में आयोजित बैठक के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार रघुबीर राणा के मार्गदर्शन में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चुनाव और विस्तार किया गया।
गठन प्रक्रिया के दौरान सर्वसम्मति से रविंद्र चौहान को क्लब का प्रधान चुना गया। इसके अलावा संजीव गुप्ता को वरिष्ठ उप प्रधान, सविता कल्याण को उपप्रधान, रामकिशन कश्यप को कोषाध्यक्ष, राजेंद्र कुमार सच कहूं को महासचिव, रवि सिंघाल को संगठन सचिव तथा रविकांत को सदस्य तथा सुखविंदर कश्यप को मीडिया एडवाइजर नियुक्त किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने नई कार्यकारिणी को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
जनहित और पत्रकार सुरक्षा का संकल्प
नवनिर्वाचित प्रधान रविंद्र चौहान ने कहा कि शिवाजी प्रेस क्लब पत्रकारों की एकजुटता, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा। क्लब का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पत्रकारों को आ रही कठिनाइयों का समाधान करना, निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देना और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। इसके साथ ही क्लब समय-समय पर सामाजिक, शैक्षणिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन भी करेगा।
आगामी योजनाएं:
पत्रकारों को सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शीघ्र ही एसडीएम छछरौली और डीसी यमुनानगर को एक मांग पत्र सौंपा जाएगा। इसके अलावा, शिवाजी प्रेस क्लब का जल्द ही रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा, जिसके बाद संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल हरियाणा के मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेगा।इस अवसर पर रामकिशन ने कहा कि एक मजबूत और संगठित प्रेस क्लब पत्रकारों की आवाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने, आपसी सहयोग और संगठन को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।

About The Author