Yoga Training Center launched: योगा ट्रेनिंग सेंटर शुरू, प्रशिक्षण के बाद 70 प्रतिशत विद्यार्थियों को मिलेगा रोजगार

राजस्थान फिनिशिंग स्कूल योजना के तहत तीन बैचों में होगी ट्रेनिंग

Published On

Yoga Training Center launched: हनुमानगढ़। कॉलेज शिक्षा राजस्थान, जयपुर और दिव्य योग मंदिर संस्थान के बीच हुए एमओयू के तहत राजस्थान फिनिशिंग स्कूल योजना के अंतर्गत टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में योगा ट्रेनिंग सेंटर की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को योग प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। कॉलेज में 30-30 दिन के तीन बैचों में छात्र-छात्राओं को योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। Hanumangarh News

योगा ट्रेनर हेमलता कंवर प्रशिक्षण दे रही हैं। यह कार्यक्रम कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय, जयपुर की ओर से शुरू किया गया है और इसे नोडल कॉलेज के रूप में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए यूजी एवं पीजी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के साथ-साथ यूजी और पीजी के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राएं भी आवेदन कर सकते हैं। कुल तीन से चार माह की ट्रेनिंग के बाद परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को योग प्रशिक्षक का प्रमाणपत्र मिलेगा।

महाविद्यालय की डॉ. अर्चना गोदारा ने बताया कि एमओयू के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 100 छात्र-छात्राओं में से करीब 70 प्रतिशत को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, यानी उनका प्लेसमेंट सुनिश्चित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभ भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि सामान्य रूप से इस कोर्स की फीस 19 से 20 हजार रुपए होती है, लेकिन सरकारी सहयोग के कारण राजकीय संस्थानों के छात्र-छात्राओं के लिए 1900 रुपए तथा निजी संस्थानों के छात्र-छात्राओं के लिए अधिकतम 4000 रुपए फीस निर्धारित की गई है। वर्तमान में पहला बैच संचालित हो रहा है, जबकि दो और बैच शुरू किए जाएंगे। इच्छुक छात्र-छात्राएं आगामी बैचों के लिए आवेदन कर इस रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण का लाभ उठा सकते हैं। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts