Hanumangarh Truck Accident: करनाल से संगरिया जा रहा ट्रक मवेशी को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया ट्रक, लगी आग
चालक और खलासी बाल-बाल बचे, करनाल से संगरिया जा रहा था रेता से भरा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त
Hanumangarh Truck Accident:: हनुमानगढ़। करनाल से रेता भरकर संगरिया जा रहा एक ट्रक मंगलवार सुबह टिब्बी से तंदूरवाली के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सड़क पर अचानक सामने आए मवेशी को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। Hanumangarh News
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही टिब्बी थाना प्रभारी हंसराज लूणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक जसवंत सिंह पुत्र भाला सिंह जटसिख निवासी वार्ड नंबर 4, श्रीगंगानगर ने अचानक सामने आए मवेशी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गया।
हादसे के समय ट्रक में सवार खलासी निशान सिंह पुत्र सुरजीत सिंह रामगढ़िया निवासी सादुलशहर जिला श्रीगंगानगर भी मौजूद था। चालक व खलासी समय रहते ट्रक से कूद रहे। इससे दोनों सुरक्षित बच गए तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग लगने से ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया और दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर अचानक आने वाले निराश्रित मवेशियों से उत्पन्न खतरे की ओर ध्यान आकर्षित करता है, जिनके कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। Hanumangarh News