झूठे मुकदमे में फंसाने और ब्लैकमेल करने का आरोप

व्यापारिक संबंधों में विवाद के बाद रची साजिश

Published On

हनुमानगढ़। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने एक युवक को झूठे आपराधिक मुकदमे में फंसाने, ब्लैकमेल करने, सामाजिक रूप से बदनाम करने और मानसिक प्रताड़ना देने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश इस्तगासे के आधार पर दर्ज इस प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार 9 एलएलडब्ल्यू, रोड़ांवाली निवासी 29 वर्षीय लियाकत अली पुत्र अमीन खां ने न्यायालय में इस्तगासा पेश कर सेक्टर 12, खालसा स्कूल के पास निवासी कुलदीप सिंह उर्फ लवली पुत्र गुरदास सिंह, उसकी माता बलजीत कौर तथा पिता गुरदास सिंह पर आरोप लगाए थे। Hanumangarh News

इस्तगासे में परिवादी ने बताया कि उसकी कुलदीप सिंह उर्फ लवली से कई वर्ष पुरानी जान-पहचान थी। दोनों के बीच जड़ी-बूटियों के व्यापार और सोशल मीडिया प्रमोशन से संबंधित कार्यांे को लेकर संपर्क बढ़ा। इसी दौरान दोनों परिवारों के बीच भी अच्छे संबंध बन गए थे और व्यापारिक लेन-देन भी होता रहा। बाद में कुलदीप सिंह को अपनी पत्नी और उसके बीच संबंधों को लेकर संदेह होने लगा, जिसके कारण दोनों के बीच विवाद पैदा हो गया। इसके बाद कुलदीप सिंह ने उससे पुरानी रंजिश निकालने के लिए उसे झूठे मामलों में फंसाने की योजना बनाई।

विश्वास में लेकर उसके मोबाइल फोन व ऑनलाइन भुगतान खातों के माध्यम से विभिन्न तिथियों में लेन-देन कराया गया और बाद में उन्हीं लेन-देन को आधार बनाकर उस पर बेईमानी और चोरी जैसे आरोप लगाने की कोशिश की गई। 15 अप्रैल 2026 को आरोपियों ने परिवादी को बदनाम करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के उद्देश्य से उसके खिलाफ झूठे आरोप लगाने का प्रयास किया। उसे मुस्लिम समाज में बदनाम करने तथा चोरी जैसे गंभीर आरोपों में फंसाने की धमकियां दी गईं। Hanumangarh News

मामला पंचायत तक भी पहुंचा, जहां आरोपियों ने उसे सबक सिखाने की बात कही। आरोपियों ने राजनीतिक और आर्थिक प्रभाव का उपयोग कर पुलिस में झूठी शिकायतें करवाईं तथा उस पर दबाव बनाने का प्रयास किया। हालांकि, उसने पुलिस को वास्तविक स्थिति बताई, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया। इसके बावजूद आरोपियों की ओर से लगातार ब्लैकमेल और मानसिक प्रताड़ना दिए जाने का आरोप लगाया गया है।

जंक्शन थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कुलदीप सिंह उर्फ लवली, बलजीत कौर और गुरदास सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक निकूराम को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts