सम्भलहेड़ा निवासी युवक की सड़क दुर्घटना में मौत, पुत्र की हालत गंभीर

सम्भलहेड़ा निवासी युवक की सड़क दुर्घटना में मौत, पुत्र की हालत गंभीर

Published On

मीरापुर।(सच कहूं/कोमल प्रजापति) थाना क्षेत्र के ग्राम सम्भलहेड़ा निवासी एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार ग्राम सम्भलहेड़ा निवासी शहजाद (48) पुत्र मुश्ताक शुक्रवार को अपने 15 वर्षीय पुत्र रिहान के साथ किसी कार्य से जानसठ गए थे। शाम करीब सात बजे दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया है कि जैसे ही वे सम्भलहेड़ा गेट के पास पहुंचे, तभी कुतुबपुर झाल की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को उठाकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया।

मुजफ्फरनगर में भी स्थिति नाजुक होने पर दोनों को मेरठ के लिए रेफर किया गया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में शहजाद ने दम तोड़ दिया, जबकि पुत्र रिहान की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उसका उपचार चल रहा है।
शहजाद की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।  चौकी प्रभारी मदनपाल सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Related Posts