घर से चंद कदम पहले स्वर्णकार से 70 लाख के आभूषण, नगदी लूटे, मचा हड़कंप
वारदात की जानकारी मिलते ही डीआईजी, एसएसपी समेत आलाधिकारी मौके पर
फिरोजाबाद (सच कहूँ न्यूज़)। Firozabad News: शिकोहाबाद नगर के मोहल्ला खतराना निवासी स्वर्णकार से बाइक सवार तीन बदमाशों ने चलती बाइक पर सरार्फ की आंखों में मिर्च डालकर सोने के आभूषणों से भरा थैला लूट कर भाग गए। लुटेरों ने घटना को अंजाम देने से पहले दो फायर किए, लेकिन गनीमत रही कि दोनों फायर मिस हो गए, अन्यथा स्वर्णकार के जान पर भी बन आती । घटना की जानकारी होते ही शिकोहाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडे, एसएसपी आदित्य लांग्हे, एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी, सीओ अम्बरीष कुमार मौके पर पहुंच गए। लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। वहीं रात में पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार स्वर्णकार हरिओम वर्मा पुत्र अशर्फीलाल वर्मा की कटरा बाजार कुरेशियन मार्केट में दुकान है। शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे के करीब दुकान बंद कर वो अपनी बाइक से घर लौट रहे थे । जब वह घर के पास पहुंचे तो घर से कुछ कदम पहले मोड़ पर एक बदमाश ने बाइक को रोकने का प्रयास किया, जब कामयाब नहीं हुए तो उनकी आँखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। जिसके बाद बाइक सवार लुटेरे बाइक के हैंडल में बंधा साढ़े चार सौ ग्राम सोने के आभूषण से भरा थैला और 1.35 लाख नकद रुपये लेकर फरार हो गए। लूटे गए आभूषणों की कीमत 70 लाख के आसपास बताई जा रही है।
घनी आबादी में हुई घटना से इलाके में खलबली मच गई। इसके बाद अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगे। पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू कर दी। वहीं स्वर्णकार के घर में कोहराम मच गया। ज्वेलर्स से लूट की घटना में इस बात की संभावना जताई जा रही है कि बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम देने से पहले उसकी रैकी की होगी। एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि तीन पुलिस टीमों के अलावा एक एसओजी टीम, एक सर्विलांस टीम को लगाया गया है, जल्द लुटेरो को दबोच लिया जाएगा।
