इजरायली रक्षा मंत्री ने किया दावा और फिर दुनिया में मचा हड़कंप!
इजरायल ने सुरक्षा क्षेत्रों पर कायम रहने का लिया फैसला
यरूशलम (एजेंसी)। Israel: इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल कैट्ज ने कहा कि इजरायली सेना लेबनान, सीरिया और गाजा में अपने नियंत्रण वाले 'सुरक्षा क्षेत्रों' से पीछे नहीं हटेगी। एक बयान में कैट्ज ने इस फैसले को खतरों के जवाब और सात अक्टूबर 2023 को हुए हमास के हमले से मिले सबक के रूप में पेश किया। उन्होंने कहा कि सेना इजरायल की सीमाओं और नागरिकों की सुरक्षा करना जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि इजरायली सेना उत्तरी वेस्ट बैंक के खाली कराये गये शरणार्थी शिविरों से भी पीछे नहीं हटेगी और जरूरत पड़ने पर इस कदम का विस्तार अन्य ‘आतंकवादी’ शिविरों तक किया जा सकता है।
अमेरिका-ईरान के बीच चल रही वातार्ओं के संबंध में कैट्ज ने कहा कि इजरायल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से यह उम्मीद करता है कि वह ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने और उसके मिसाइल कार्यक्रम तथा क्षेत्रीय समर्थित गुटों पर अंकुश लगाने में अमेरिका-इजरायल के साझा हितों की रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए इजरायल के पास ‘स्वतंत्र रूप से’ कार्रवाई करने की क्षमता होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सेना को उसी के अनुसार तैयारी करने के निर्देश दिये हैं।
