प्रधानमंत्री के निर्णयों से 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से उबरे : सीएम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का मीडिया संवाद
जयपुर (सच कहूं न्यूज)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन और लोक कल्याण को समर्पित गौरवशाली 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर मीडिया से संवाद किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने सबसे लम्बे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने की असाधारण उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले यूपीए सरकार में हमारा देश भ्रष्टाचार, महंगाई, आतंकवाद, नक्सलवाद, नीतिगत अव्यवस्था और खराब आर्थिक हालात जैसी अनेक चुनौतियों से जूझ रहा था। ऐसे समय पर नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभाली और देश को इन चुनौतियों से बाहर निकाला। पीएम मोदी ने अपने दूरदर्शी विजन से 12 वर्षों में शासन, विकास और जनकल्याण के अनेक नए प्रतिमान स्थापित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि पहली बार 80 करोड़ से अधिक नागरिकों को मुफ्त राशन की सुविधा मिली। 60 करोड़ से अधिक गरीबों को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज का भरोसा मिला है। प्रधानमंत्री की इन्हीं पहलों की बदौलत 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी से उबर पाए हैं।
प्रधानमंत्री की प्रेरणा से बीते 12 वर्षों में वीमेन लेड डवलपमेंट का एक नया अध्याय भारत की विकास यात्रा में जुड़ा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत का बुनियादी ढांचा सुदृढ़ हुआ है तथा शासन में गतिशीलता, निर्णयों में पारदर्शिता और नीतियों में दूरदर्शिता की बदौलत भारत विश्व की सबसे तेज़ी से विकसित होती बड़ी अर्थव्यवस्था बन पाया है।
सीएम ने राजस्थान के विकास कार्य गिनाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का राजस्थान को भरपूर लाभ मिला है। प्रदेश में लगभग 2 करोड़ 45 लाख मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए हैं। पीएम फसल बीमा योजना के तहत 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिया है। पीएम आवास योजना के तहत 34 लाख से अधिक आवास बनाए गए हैं। हर घर में साफ पानी पहुंचाने के लिए 63 लाख से अधिक नल कनेक्शन दिए हैं। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत प्रदेश में लगभग 89 लाख शौचालय बनवाए जा चुके हैं। इस मिशन के अंतर्गत लगभग 43 हजार गांव ओडीएफ प्लस बन चुके हैं। साथ ही 21 गोबर-धन प्रोजेक्ट भी लगाए गए हैं।
प्रदेश में 53 हजार किलोमीटर सड़कें बनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3 करोड़ 83 लाख जन-धन खाते खुले हैं। वर्ष 2014 से पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में 53 हजार किलोमीटर सड़कें बनी थीं, आज यह आंकड़ा बढ़कर 86 हजार किलोमीटर के पार निकल चुका है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ 2014 से पहले प्रदेश में 57 लाख लोगों को मिल रहा था और आज ऐसे लाभार्थियों की संख्या 89 लाख से ऊपर पहुंच गई है। प्रदेश में वर्ष 2013-14 में प्रति व्यक्ति आय लगभग 69 हजार रुपये थी, वह आज बढ़कर 2 लाख रुपये के पार पहुंच गई है।
26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 तक प्रदेशभर के किसानों को दिन में बिजली दी जाएगी। फिलहाल 26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। राइजिंग राजस्थान का आयोजन कर 35 लाख करोड़ रूपए के एमओयू किए गए, जिनमें से 9 लाख करोड़ रूपए के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं। इस दौरान 12 वर्ष की उपलब्धियों पर वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मीडिया संवाद में भाजपा के श्री मदन राठौड़ मौजूद रहे।
