होटल संचालक पर लाठी-गंडासी से जानलेवा हमला, नकदी छीनकर फरार हुए आरोपी
खाना खाने आए युवकों से विवाद के बाद आधी रात को साथियों संग किया हमला
हनुमानगढ़। चोहिलांवाली क्षेत्र स्थित एक होटल पर खाना खाने आए युवकों के साथ हुए विवाद के बाद होटल संचालक पर लाठी-गंडासी से जानलेवा हमला करने तथा नकदी छीनने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार घायल ताजाराम उर्फ सुमित (30) पुत्र आईदान ब्राह्मण निवासी वार्ड नम्बर 16-24 एएससी नई मंडी घड़साना जिला श्रीगंगानगर वर्तमान में 31 एनडीआर चोहिलांवाली स्थित चौधरी मालानी होटल का संचालन करता है। उसने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पीलीबंगा में उपचार के दौरान पुलिस को दिए बयान में बताया कि 8 जून की रात वह अपने होटल पर मौजूद था। रात करीब 12.30 बजे तीन युवक खाना खाने आए। खाना खाने के बाद उन्होंने सिगरेट और माचिस मांगी।
होटल कर्मचारी भीयाराम की ओर से काउंटर से माचिस लेने की बात कहने पर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर एक युवक, जिसे साथी महिपाल नाम से पुकार रहे थे, भीयाराम के साथ मारपीट करने लगा। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने ताजाराम के साथ भी हाथापाई की। पीड़ित के अनुसार करीब 15 मिनट बाद एक टैम्पो में चार अन्य व्यक्ति लाठी और गंडासी लेकर पहुंचे और सभी ने मिलकर हमला कर दिया। Hanumangarh News
ताजाराम ने बताया कि जान बचाने के लिए वह होटल के पास बने अपने कार्यालय में भागा, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि महिपाल ने लाठी से उसके सिर पर वार किया। बचाव में हाथ आगे करने पर चोट बाएं हाथ के पंजे पर लगी। इसके बाद महिपाल के पिता चेतराम ने गंडासी से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित के अनुसार वह होटल की ऊपरी मंजिल पर बने कमरों की ओर भागा, लेकिन आरोपियों ने उसे पकड़कर नीचे खींच लिया और जमीन पर गिराकर लात-घूंसों तथा थप्पड़ों से मारपीट की। शोर सुनकर होटल कर्मचारियों और ग्राहकों के एकत्र होने पर आरोपी टैम्पो और दो मोटर साइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए। जाते समय उसकी जेब से 2700 रुपए भी निकाल लिए गए। मारपीट में ताजाराम के सिर, दोनों हाथों, पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं।
घायल को सुनील नाथ और विजय सिंगला उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पीलीबंगा लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर महिपाल पुत्र चेतराम, हनुमान पुत्र लीलूराम, चेतराम पुत्र कृष्णलाल, राजू तथा 2-3 अन्य के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई जसवंत सिंह को सौंपी गई है। Hanumangarh News