बहू, सास और साले पर लाखों के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने का आरोप
चोरी के जेवर गिरवी रखकर 1.32 लाख रुपए का गोल्ड लोन से खुला मामला
हनुमानगढ़। एक परिवार ने अपनी बहू, उसकी मां, भाई और मौसी पर घर में छिपाकर रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। गोलूवाला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गांव लखासर निवासी सुभाष पुत्र भादरराम जाट ने रिपोर्ट दी कि उसके पुत्र मंगल सिंह का विवाह हरियाणा के सिरसा जिले के रानियां क्षेत्र निवासी रीना कौर के साथ हुआ था। Hanumangarh News
विवाह के बाद उसकी पत्नी ने घर की जिम्मेदारियां और चाबियां बहू को सौंप दी थीं। सोने के जेवरात की सुरक्षा के लिए परिवार ने उन्हें कच्चे मकान में फ्रिज के नीचे जमीन में गड्ढा खोदकर छिपा रखा था। इस स्थान की जानकारी केवल बहू रीना कौर को दी गई थी। शिकायत के अनुसार करीब 8-9 माह पूर्व सुभाष की पत्नी गंभीर रूप से बीमार हो गई थी और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसी दौरान रीना कौर की मां सुरजीत कौर और भाई कुलविन्द्र सिंह उसे मायके ले गए। उस समय परिवार को किसी प्रकार का संदेह नहीं हुआ।
परिवार का आरोप है कि नवंबर 2025 में रिश्तेदारी में विवाह समारोह के दौरान जब छिपाकर रखे गए जेवरात देखे गए तो पूरा सोना गायब मिला। बाद में पुत्र के मोबाइल फोन पर गोल्ड लोन से संबंधित ओटीपी आने पर शक गहरा गया। जांच करने पर पता चला कि रानियां स्थित एक फाइनेंस कंपनी में सुरजीत कौर ने सोने की बालियां गिरवी रखकर करीब 1.32 लाख रुपए का गोल्ड लोन लिया था। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि गिरवी रखी गई बालियां उसकी पत्नी की थीं। Hanumangarh News
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि रीना कौर, उसकी मां सुरजीत कौर, भाई कुलविन्द्र सिंह तथा मौसी छिन्द्र कौर ने फोन पर चोरी की बात स्वीकार करते हुए कुछ जेवर बेच देने की जानकारी दी थी। हालांकि बाद में आरोपियों ने सामान लौटाने से इनकार कर दिया। मामले को लेकर गांव के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पंचायत भी हुई, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। शिकायत में बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के जेवर चोरी होने का उल्लेख किया गया है।
इनमें सोने की बालियां, अंगूठियां, टोप्स, नथ, कोका, ताबीज, लॉकेट, टीका सहित कई अन्य आभूषण तथा चांदी के हार सेट, कंगन, बाजूबंद, कड़ा, पाजेब, बिछिया और अंगूठियां शामिल हैं। गोलूवाला थाना पुलिस ने सुभाष की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक लालबहादुर चन्द्र को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की सत्यता और चोरी गए जेवरों के संबंध में जांच कर रही है। Hanumangarh News