Fraud Alert: दुल्हन बनाकर लाई गई युवती कुछ दिन बाद फुर्र, शादी का झांसा देकर 8 लाख ठगने का आरोप

जेवरात गायब होने का भी आरोप

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। शादी करवाने का झांसा देकर एक युवक से करीब आठ लाख रुपए और सोने के जेवरात हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर भादरा थाना पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, छल-कपट और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार गांव अलायला निवासी जगदीश (40) पुत्र रामकिशन जाट ने रिपोर्ट दी कि वह अविवाहित है। 21 फरवरी 2026 को उसके मामा का लड़का राजेन्द्र पुत्र भूपसिंह निवासी मुन्सरी, अपने साथ धर्मवीर पुत्र बद्रीप्रसाद, उसके पुत्र योगेश, सुनीता पत्नी बजरंग तथा बिमला नामक महिला को लेकर उसके घर आया। उन्होंने जगदीश को बताया कि बिमला की पुत्री सिन्दर गरीब परिवार से है और उसकी शादी उससे करवाई जा सकती है।

आरोपियों ने शादी और जेवरात के खर्चे के नाम पर चार लाख रुपए की मांग की। रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों की बातों पर विश्वास कर जगदीश ने उन्हें चार लाख रुपए दे दिए। अगले दिन 22 फरवरी को हांसी में एक साधारण समारोह में सिन्दर नामक युवती के साथ माला पहनाकर दोनों को पति-पत्नी घोषित कर दिया गया और युवती को जगदीश के साथ विदा कर दिया गया। Hanumangarh News

पीड़ित ने आरोप लगाया कि 26 फरवरी को सिन्दर का कथित भाई शिवराज, धर्मवीर और योगेश उसके घर आए तथा सिन्दर की मां की तबीयत खराब होने और ऑपरेशन करवाने का बहाना बनाकर सिन्दर को अपने साथ ले गए। साथ ही ढाई लाख रुपए भी ले लिए। इसके बाद विभिन्न बहाने बनाकर डेढ़ लाख रुपए और अलग-अलग खातों में डलवा लिए गए।

जगदीश का आरोप है कि इसके बावजूद सिन्दर वापस उसके पास नहीं आई। इस दौरान घर में रखे करीब 70 हजार रुपए मूल्य के सोने के जेवरात भी गायब मिले। पीड़ित का कहना है कि 10 मार्च 2026 को योगेश, धर्मवीर, शिवराज और बिमला उसके घर आए और सिन्दर को वापस भेजने के बदले पांच लाख रुपए और देने की मांग की। रुपए देने से इनकार करने पर उसे झूठे मुकदमों में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी दी गई।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि जांच-पड़ताल करने पर उसे पता चला कि आरोपी लोगों को शादी का झांसा देकर रकम ऐंठने का संगठित गिरोह चलाते हैं। बाद में जब उसने अपने रिश्तेदार राजेन्द्र से रकम वापस दिलाने की बात की तो उसने पहले दो माह का समय मांगा, लेकिन बाद में मिलने से भी इनकार कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर शादी का झांसा देकर उससे कुल आठ लाख रुपए ठग लिए तथा आर्थिक नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई दुनीराम कर रहे हैं। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts